जींद। नरवाना की चमेेला कॉलोनी में 14 अगस्त की रात एक युवक पर गोली चलाकर फरार होने के आरोपी विकास ने अहिरका के नजदीक फ्लाईओवर पर पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने जिस परिवार पर गोली चलाई थी, उसके पांच व्यक्तियों व एक महिला पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।
मृतक के पास से पुलिस को एक देसी पिस्तौल, शराब की बोतल व सिगरेट का पैकेट बरामद हुआ है। सदर थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। घटनास्थल पर डीएसपी पुष्पा खत्री, सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार तथा एसएफएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
बीरबल नगर निवासी 26 वर्षीय विकास के खिलाफ 14 अगस्त की रात को चमेला कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने की शिकायत शहर थाना नरवाना पुलिस को दी थी। हत्या के प्रयास के आरोप में पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद से ही विकास फरार चल रहा था। मृतक विकास के परिजनों ने बताया कि उनके पास विकास की कॉल आई थी। इसमें उन्होंने उन पर हत्या के प्रयास में दर्ज मामले की जानकारी दी थी। परिजनों ने इस मामले में माफी मांगकर राजीनामा करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन वह इसके बाद भी परिजनों के पास नहीं गया। विकास नरवाना की ही बीरबल नगर कॉलोनी में इलेक्ट्रॉनिक्स का काम करता था।
शव के पास मिले दो शराब के पव्वे, सिगरेट व पिस्तौल
फ्लाईओवर के नजदीक पड़े शव के पास पुलिस को सिगरेट, पिस्तौल व दो शराब के पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने इस सामान को शव के पास ही रखे बैग में पलंदा बनाकर रख दिया।
बोले थाना प्रभारी
मामले में मृतक के परिजनों ने अपने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। बयान दर्ज होने के बाद ही पता चलेगा कि विकास ने किन लोगों से परेशान होकर आत्महत्या की है। आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में अगर किसी का नाम सामने आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- मनीष कुमार, सदर थाना प्रभारी जींद।