भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा के डॉक्टर बेटे विकास शर्मा की गुरुवार रात को चाकू घोंपकर हत्या के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस आठ हत्या आरोपियों का सुराग तक नहीं लगा सकी है। वहीं, पानीपत में एक निजी अस्पताल में भर्ती हत्या आरोपी अनिल और हैप्पी के भी बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं।
डॉ. विकास की मां रामरति उर्फ शीला ने बेटे की हत्या पर आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि अगर दो दिन में हत्यारों का एनकाउंटर नहीं किया गया तो उनका परिवार सड़क पर उतरेगा। पिता शिवकुमार शर्मा ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या में असंध के एक हिस्ट्रीशीटर का नाम सामने आया है। पुलिस कह रही है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
भाजपा अध्यक्ष और शिक्षामंत्री ने परिजनों से की बात
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को डॉ. विकास के पिता पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने शिवकुमार शर्मा को सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिक्षा मंत्री रविवार को डॉ. विकास के घर आएंगे।
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए हैं। पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। दोनों हत्या आरोपी बयान देने में सक्षम नहीं हैं। जल्द ही पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
-कुलदीप सिंह, एसपी, जींद
ये भी पढ़ें: Haryana: दो दोस्तों ने रात में एक साथ पी शराब, फिर अपने घर जाकर लगा लिया फंदा, दोनों की मौत