हरियाणा के जींद जिले के जुलाना कस्बे के मेन बाजार स्थित बजरंग मेडिकल केमिस्ट शॉप के मालिक से बदमाशों ने पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। बुधवार को दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े दुकान में आग लगा दी और दुकान के कांउटर पर एक धमकी भरा पत्र, पेन, डायरी और मोबाइल छोड़कर बदमाश फरार हो गए। पत्र में दुकान मालिक से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी हुई है।
केमिस्ट शॉप के मालिक बजरंग ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 10 बजे दो अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर आए। दुकान में मौजूद सभी लोग काम पर लगे हुए थे। दोनों बदमाशों ने काउंटर के नीचे ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई और मौके से फरार हो गए।
आसपास के दुकानदारों ने आग पर काबू पाया। बदमाश दुकान में एक डायरी, फोन और पैन छोड़कर भागे। डायरी में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। दिनदहाड़े आग लगने की घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर जुलाना थाना प्रभारी मुरारी लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सर्च अभियान चलाया गया।
घटना के बाद दुकानदार हुए एकजुट, बाजार को करवाया बंद
जुलाना के मेन बाजार में दिनदहाड़े बदमाशों की वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद दुकानदार एकत्रित हुए और बाजार को बंद करवाकर दुकानदार जुलाना थाना में पहुंचे। दुकानदारों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोन, डायरी व पैन को कब्जे में लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
-मुरारी लाल, थाना प्रभारी जुलाना।