जींद। उचाना थाना क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर में चाचा-भतीजे का रास्ता रोककर उन पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया। इससे उनको गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने गांव के ही सुनील, अनिल, रामनिवास और नरेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
दुर्जनपुर निवासी कर्मपाल ने एफआईआर में बताया कि चार मार्च को वह गली में खड़ा था। इस दौरान उसका भतीजा सागर भागते हुए आया। उसने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण गांव के ही सुनील, अनिल, रामनिवास और नरेश मारने आ रहे हैं। इसलिए उसे घर तक छोड़ आओ। फिर वह दोनों घर की तरफ चल पड़े।
इसी दौरान सामने से सुनील, अनिल, रामनिवास और नरेश आए जिनके हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने उन दोनों का रास्ता रोक लिया। फिर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनके द्वारा शोर मचाने पर पड़ोसियों ने मौके पर आकर उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
परिजन उन दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले गए। जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ हमला करने तथा धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।