जींद। जिला स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन वीरवार को खो-खो में उचाना, फुटबॉल में जींद, क्रिकेट में पिल्लूखेड़ा और कबड्डी में उचाना व जींद की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।
उप जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पा मोर ने विभिन्न खेल मैदानों का दौरा कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि खो-खो अंडर-14 वर्ग में उचाना ने पहला और सफीदों ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 में जुलाना विजेता और उचाना उपविजेता रहा।
अंडर-19 में उचाना ने प्रथम और सफीदों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल अंडर-14 में जींद पहले तथा पिल्लूखेड़ा दूसरे स्थान पर रहा। बेसबॉल अंडर-19 में सफीदों ने पहला और पिल्लूखेड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया।
सॉफ्टबॉल अंडर-19 में भी सफीदों विजेता और पिल्लूखेड़ा उपविजेता रहा। बास्केटबॉल अंडर-19 में नंदगढ़ ने पहला तथा जुलाना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कबड्डी अंडर-14 में उचाना ने खिताब जीता, जबकि पिल्लूखेड़ा दूसरे स्थान पर रहा।
अंडर-19 वर्ग में जींद ने पहला और पिल्लूखेड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। क्रिकेट अंडर-19 में पिल्लूखेड़ा विजेता और नरवाना उपविजेता रहा, जबकि अंडर-17 वर्ग में उचाना पहले तथा नरवाना दूसरे स्थान पर रहा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए इन खिलाड़ियों ने किया क्वालीफाई
बॉक्सिंग अंडर-17 के विभिन्न भार वर्गों में रितु, चेल्सी, मन्नत, पूर्वी, पलक, दीपिका, चक्षु, परसवी, पायल, ज्योति, तनु, लक्षिता और खुशी ने जीत दर्ज कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में खुशी, दीक्षा, इशा, इशू, तमन्ना, भूमिका, सीना, अंजलि, मुस्कान, सकीना सहित अन्य खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।