जींद। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ऑनलाइन एमटीपी किट बेचने के आरोप में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शीतल नगर, वार्ड-10, भागलपुर निवासी अमित कुमार सिंह और गांव कल्गीगंज, जिला भागलपुर निवासी रितेश कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों युवकों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
सीएचसी अलेवा में तैनात चिकित्सा अधिकारी प्रवीण ने पुलिस को बताया था कि उन्हें सूचना मिली थी कि यूनिक मार्केट डाटइन वेबसाइट के माध्यम से एमटीपी किट बेची जा रही है। एमटीपी किट शेड्यूल एच की ड्रग्स में आती है। यह किट केवल पंजीकृत चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में प्रयोग की जा सकती है। इस सूचना के बाद सिविल सर्जन जींद ने एक टीम का गठन किया था और इस टीम ने गीता रानी के नाम से एक किट मंगवा और इसकी फोन पे एप के माध्यम से पेमेंट भी की। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शीतल नगर, वार्ड-10, भागलपुर निवासी अमित कुमार सिंह और गांव कल्गीगंज, जिला भागलपुर निवासी रितेश कुमार को भागलपुर (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों युवकों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।