लड़की को शादी करने का झांसा देकर भगाने के आरोपी ओमनगर निवासी संदीप व युवती को महिला थाना पुलिस ने कैथल से बरामद कर लिया है। पुलिस ने युवती को करनाल भेज दिया है। शहर के अमरहेड़ी रोड स्थित एक कॉलोनी की महिला ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 18 अप्रैल को उसकी बेटी खाना खाकर सो गई थी। जब रात करीब ढाई बजे वह उठी तो देखा कि उसकी बेटी अपनी चारपाई पर नहीं थी। फिर उसे आसपास तथा रिश्तेदारियों में अपनी बेटी की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। उसने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को ओमनगर का संदीप बहला- फुसलाकर भगा ले गया है। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में संदीप के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी संदीप और नाबालिग को कैथल से गिरफ्तार कर लिया है। लड़की को करनाल नारी निकेतन भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एक अन्य मामले में नाबालिग लड़की का अपहरण करने के आरोपी भिवानी रोड स्थित अजमेर बस्ती निवासी अखिलेश उर्फ राहुल को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के भिवानी रोड स्थित अजमेर बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 6 सितंबर दोपहर को घर से गायब हो गई थी। उन्होंने अपने स्तर पर आसपास तथा रिश्तेदारियों में तलाश किया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। उसने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी का कोई अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण करके कहीं ले गया है। शहर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी अजमेर बस्ती के रहने वाले अखिलेश उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद