पिंडारा गांव के पास बने नए बस स्टैंड की व्यवस्था में नए महाप्रबंधक ने सुधार ला दिया है। बस स्टैंड पर अब बाहरी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। बाहरी वाहन केवल बस स्टैंड के साथ वाले लगते रास्ते से ही अंदर जा सकेंगे। उनको केवल पीछे पार्किंग तक ही जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा महाप्रबंधक ने सफाई व्यवस्था और बसों को सही तरीके से खड़ा करने के निर्देश दिए।
रोडवेज डिपो के नए महाप्रबंधक अशोक कौशिक ने कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए थे कि बस स्टैंड पर साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में सुधार लाएं। यदि कोई चालक बस को आड़ी तिरछी या प्रांगण के बीच में खडी करेगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पिछले कई दिनों से बस स्टैंड पर बसों की संख्या ज्यादा होने और व्यवस्था के अनुरूप नहीं खड़ी करने से बसों का आवागमन बाधित हो रहा था। इसको लेकर कई बार तो एक-दूसरी बसों के चालक-परिचालक आपस में उलझ जाते थे। वहीं आड़ी तिरछी बसें के खड़े होने पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को अव्यवस्थित तरीके से बसें खड़े नहीं होने के चलते अपने लिए बस ढूंढना मुश्किल हो रहा था। यात्रियों को परेशानी नहीं हो उसी को देखते हुए रोडवेज जीएम ने आदेश जारी किए थे।
सबसे लेकर दोपहर बाद रहता है बसों का ज्यादा आवागमन
बस स्टैंड पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बसों का खूब आवागमन रहता है। जब लंबे रूटों वाली बसें बस स्टैंड पर आती हैं तो उनको निकलने के लिए जगह नहीं मिलती। इससे उनका समय भी बर्बाद होता है, वहीं यात्रियों को भी गर्मी में परेशानी होती है। अन्य चालकों द्वारा बसों को आड़ी तिरछी खड़ी करने से बसें निकल ही नहीं पाती। इसके अलावा यात्रियों को बैठाने के चक्कर में प्राइवेट बसों को बूथ से चलाकर बीच में ही रोक दिया जाता है।
बस स्टैंड पर बिगड़ी व्यवस्था में सुधार लाया जा रहा है। साफ सफाई से लेकर वाहनों को सही तरीके से खड़ा करना और बाहरी वाहनों को बस स्टैंड के अंदर नहीं घुसने के आदेश जारी किए थे। बस स्टैंड पर साफ-सफाई व्यवस्था भी जरूरी है और चालकों से निर्देश हैं कि वह अपनी-अपनी बसों का सही तरीके से खड़ा करें जिससे अन्य बसों को आवागमन में कोई दिक्कत नहीं आए।
-अशोक कौशिक, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, जींद।