जाम के कारण रातभर लगी रही वाहनों की लाइन। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। जिले में रात को गतौली, अलेवा व सिल्लाखेड़ी में किसानों ने जाम लगाए रखा। किसानों ने भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार करने पर विरोध जताया। सुबह जब किसानों को पता चला कि गुरनाम सिंह चढूनी रिहा कर दिए हैं तो उन्होंने जाम खोल दिए।
गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी के विरोध में गांव सिल्लाखेड़ी में किसान जींद-पानीपत मार्ग को जाम करके सुबह साढ़े आठ बजे तक बैठे रहे। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने रात को साढ़े दस बजे जाम लगाया था। इसी प्रकार अलेवा और गतौली में भी रात को किसानों ने जाम लगा दिए। रातभर किसान सड़क पर ही बैठे रहे और हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ चाय पीते रहे। रातभर जाम के कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। सिल्लाखेड़ी में सदर थाना सफीदों प्रभारी कृष्ण खर्ब पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन किसानों ने जाम नहीं खोला। किसान कुलदीप, राकेश गुर्रा, आशीष लठवाल, अनिल, सुरेंद्र ने कहा कि सरकार फिर से दंगे कराना चाहती है। खुद मुख्यमंत्री भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं। यदि सरकार कृषि कानून वापस नहीं लेने की जिद पर अड़ी रही तो प्रदेश में आंदोलन उग्र हो सकता है।