सीआरएसयू की चल रही ऑनलाइन परीक्षा देते हुए सफीदों में राजकीय कॉलेज के बाहर एक फोटो स्टेट की दुकान में बैठकर परीक्षा दे रहे चार विद्यार्थियों में से यूनिवर्सिटी टीम ने तीन को पकड़ लिया जबकि एक भागने में कामयाब हो गया। इसके बाद टीम ने परीक्षा देते पकड़े गए विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई।
उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनुपम भाटिया ने बताया कि वीरवार को यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ विद्यार्थी साइबर कैफे, लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर में बैठकर ऑनलाइन परीक्षा में नकल करवाई जा रही है। इस पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश बंसल के निर्देश पर उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनुपम भाटिया ने परीक्षा पर्यवेक्षक डॉ. जसबीर की सहायता से सफीदों में कॉलेज के सामने छापा मारा। इसमें सामूहिक रूप से विद्यार्थियों को मौके पर मोबाइल की सहायता से नकल के साथ पेपर देते हुए पकड़कर उनके यूएमसी बनाए।
डॉ. अनुपम भाटिया ने बताया कि यूनिवर्सिटी की ओर से सभी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, इंटरनेट कैफे से अपील की गई है कि वह अपने संस्थान, दुकान पर किसी भी विद्यार्थी को ऑनलाइन परीक्षा न देने दें। भविष्य में कोई संस्थान दुकान ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जएगी।