जींद। भवन निर्माण कामगार यूनियन के नेताओं ने दुर्जनपुर, उदयपुर, बराह खुर्द, अहिरका, लखमीरवाला और निर्जन गावों में निर्माण मजदूरों की बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में श्रम कल्याण बोर्ड में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। इसका खामियाजा निर्माण मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले तीन महीनों से निर्माण मजदूरों को सुविधा का एक पैसा भी नहीं मिला है।
मजदूर नेता पवन ने कहा कि दूसरी ओर केंद्र सरकार मजदूरों को गुलाम बनाने वाले चार लेबर कोड को लागू करने जा रही है। इससे कल्याण बोर्ड को ही खत्म हो जाएगा। इन लेबर कोड से न केवल मजदूर गुलामी की ओर जाएगा बल्कि कड़े संघर्षों व बलिदान से हासिल किए गए उसके हक व अधिकारों को भी खत्म हो जाएंगे।
इन लेबर कोड में न तो काम करने की कोई समय सीमा तय है ओर न ही न्यूनतम वेतन का प्रबंध, जिनका असल निर्माण मजदूरों पर भी सीधा पड़ेगा। भवन निर्माण कामगार यूनियन इन लेबर कोड का पुरजोर विरोध करती है और इन श्रम कोड के खिलाफ 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में निर्माण मजदूरों को शामिल कराएगी।