05जेएनडी23-राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामराय में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्र
जींद। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामराय में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम इंचार्ज उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने नशे के कारण समाज, परिवार और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे की ओर आकर्षित हो रहा है।
इससे न केवल उसका भविष्य बर्बाद होता है, बल्कि पूरा समाज प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
स्कूल की प्राचार्य ज्योति शर्मा ने कहा कि स्कूल प्रशासन हमेशा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक व नैतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा नहीं करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी ली। सभी ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे जीवन में कभी किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।