गांव ढाठरथ में अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित किए विक्की को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ दो महिलाओं ने हाथापाई कर आरोपी को पुलिस से छुड़वा दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक की मां व पत्नी के खिलाफ खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व गाली गलौज करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पिल्लूखेड़ा थाना के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि ढाठरथ निवासी विक्की एक साल पहले अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित किया गया है। आरोपी युवक गांव में ही अपने घर पर है। जिसको पकड़ने के लिए उनकी टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी विक्की मकान में घुस गया। पुलिस कर्मी आरोपी को पकड़कर गाड़ी में बैठाने लगे तो आरोपी ने शोर मचा दिया। जिसके बाद उसकी मां शीला व पत्नी आशा वहां पहुंच गई और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस दौरान दोनों महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को चोटें पहुंचाई और आरोपी युवक विक्की को छुड़वा लिया। जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर महिला पुलिसकर्मी बुलाई गई लेकिन उस समय तक दोनों महिलाएं भी फरार हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में गांव ढाठरथ निवासी शीला व उसकी पत्नी आशा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व गाली गलौज करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रसीदां में भी पुलिस के साथ की थी हाथापाई
पुलिस के साथ हाथापाई करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे कुछ ही दिन पहले रसीदां गांव में भी महिलाओं ने पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई की थी। रसीदां गांव में पुलिस एक युवक को रिमांड को दौरान शिनाख्त के लिए लेकर गई थी। जिसके बाद महिलाओं ने पुलिस पर जबरन घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए थे।