अपने ही पांच बच्चों की हत्या के आरोपी जुम्मादीन के खिलाफ उसकी पत्नी रीना की शिकायत पर पुलिस ने तीन केस दर्ज किए हैं। रिमांड खत्म होने पर मंगलवार को पुलिस ने जुम्मादीन को न्यायाधीश ज्योति संधू की अदालत में पेश किया। पुलिस की डिमांड पर अदालत ने जुम्मादीन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं जुम्मादीन ने पूछताछ में बताया है कि वह खुद ही रात को वारदात की कहानी गढ़ता था। ऐसा करके जुम्मा इस प्रकार से बच्चों की हत्या करता था कि किसी को शक न हो।
बता दें कि जुम्मादीन अपने पांच बच्चों की हत्या कर चुका है। दो बेटियों की हत्या जुम्मादीन ने 15 जुलाई की रात को बेहोशी की हालत में उन्हें नहर में डालकर की थी। इससे पहले जुम्मादीन वर्ष 2012 में नौ माह की निशा, सन 2016 में ढाई साल के आर्यन व 2019 में नबी हत्या कर चुका है। इनके आरोप में पुलिस ने जुम्मादीन के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। हत्याओं के मामले में अदालत से दो दिन का रिमांड मांगा है। कोर्ट से पुलिस को जुम्मा से तीनों हत्याओं की पूछताछ करने के लिए दो दिन का रिमांड मिल गया है। थाना प्रभारी धर्मबीर ने अनुसार इससे पहले तीनों बच्चों की हत्याएं करने के बाद आरोपी जुमा ने उन्हें कहां दफना अब उससे यह पूछताछ की जाएगी।
जुम्मादीन से 24 जुलाई से लगातार पुलिस की पूछताछ जारी
पुलिस 24 जुलाई से जुम्मादीन से लगातार पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी धर्मवीर की टीम के साथ आईपीएस अधिकारी अजीत सिंह शेखावत खुद आरोपी जुम्मा से पूछताछ कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस की अपराध शाखा भी जुम्मा से पूछताछ कर चुकी है। इस पांच दिन की पूछताछ के दौरान जुम्मा ने हत्याओं के कारण बताने में कई बार अपने बयान बदले। कभी हत्या करने के कारणों मेें तांत्रिक विद्या, तो कभी बच्चों का पालन-पोषण, कभी परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध होने की बातें बताई हैं। लेकिन आखिर जब पुलिस आरोपी जुम्मादीन को मस्जिद में मौलवी के पास ले गई तो उसने साली के प्यार में हत्याएं करने की बात कुबूली। ये बात जांच अधिकारी थाना प्रभारी धर्मबीर द्वारा पुलिस की तहरीर में लिखी गई है। मंगलवार को फोन की कॉल डिटेल मिलने के बाद जुम्मा की बहन रोशनी, भाई आसीन, साले अहसान व साली से पूछताछ की गई। इससे पहले पुलिस ने पूछताछ के बाद जुमा की साली छोड़ दिया। फिलहाल की जांच में पुलिस को बच्चों की हत्याओं में साली की भूमिका नहीं मिली है।
थाना प्रभारी ने सुनाई फिल्म की कहानी, पूछा- ऐसे तो नहीं बनाई योजना
पूछताछ के दौरान सफीदों सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने जुम्मादीन को एक फिल्म की कहानी सुनाई। दरअसल पूछताछ में जुम्मा ने कई एंगल घुमाए। जुम्मादीन ने मौलवी के सामने जुर्म से तौबा करने के बाद हत्याओं के कारण बताए तो थाना प्रभारी धर्मवीर ने आरोपी से पूछा कि उसे यह तरीके कहां से मिले। किसी ने बताई या फिर कोई सीरियल या फिल्म देखी थी। इस दौरान थाना प्रभारी ने डर फिल्म का जिक्र किया तो जुम्मा ने पूछा उसमें क्या है? थाना प्रभारी ने भी फिल्म की कहानी सुनते हुए कहा कि उसमें हीरो एक लड़की के साथ एकतरफा प्यार करता है। क्या वह फिल्म देखी थी। जुम्मा ने कहा कि मैं कोई फिल्म या सीरियल नहीं देखता। हत्या करने के तरीके मेरे ख्यालों में खुद ही रात को आते थे। इसके बाद पूरी कहानी बनाने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जुम्मादीन ने बताया कि 15 जुलाई की रात को भी उसने वारदात को अंजाम देने से पहले ही पूरा खाका बना लिया था। नहर में पानी चल रहा है या नहीं एक दिन पहले बाइक पर रात को ही देखने गया था। पुलिस को वारदात की रात व एक दिन पहले की रात की सीसीटीवी फुटेज भी मिल गई है। इसमें जुमा अपने बच्चों को बाइक पर ले जा रहा है।
जुम्मा मां से करता है बहुत प्यार
सफीदों पुलिस द्वारा रिमांड के दौरान जब जुम्मा कुछ भी सच नहीं बोलने को तैयार नहीं था तो इस दौरान उससे सच्चाई उगलवाने के लिए कहा गया कि तेरी फांसी के आर्डर होने वाले हैं। तेरी आखिरी इच्छा बता दे। तभी जुम्मा बोला कि एक बार मां से मिलना है। मां से बहुत प्यार करता हूं। पुलिस ....क्यों पत्नी से नहीं मिलना। जुम्मा बोला- नहीं, मां को चाहे दूर से ही दिखा देना।
बचपन व जवानी में रहा भोला भाला
जुम्मा की मां अहसगीर ने अमर उजाला से बात करते हुए कहा कि बचपन से जवानी तक जुम्मा बिल्कुल ही भोला भाला रहा। उसके चारों बच्चों में से वह सबसे शरीफ लगता था। कभी उसने किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं किया। वह तो दूसरों के बच्चों से भी प्यार करता था। लेकिन अब पता नहीं उसके क्या कर्म फूटे। मां से प्यार तो हर आदमी करता है, लेकिन बच्चों से भी प्यार होना चाहिए।
पत्नी, साली और सादे ने कहा- फांसी की सजा होे
पुलिस पूछताछ के बाद साली सोनिया, पत्नी रीना व साले अहसान ने अमर उजाला से बात की। उसने कहा कि ऐसे आदमी को फांसी दे देनी चाहिए, जिसने पूरे परिवार को बदनाम करके रख दिया। उसकी बुरी मौत होनी चाहिए, तभी हमको अच्छा लगेगा। जुमा के साले अहसान ने कहा कि हम तो बहन रीना की डिलिवरी होने के कुछ महीनों बाद उसे अपने साथ लेकर चले जाएंगे। कोशिश रहेगी कि जल्दी जुम्मा से उसका तलाक करवाया जाए। साथ ही पत्नी रीना ने भी कहा कि उसके पति को फांसी होनी चाहिए, जिसने मेरे पांच बच्चों को मार दिया।
पत्नी को नलबंदी का ऑपरेशन करवाने के लिए कहता था जुम्मा
जुम्मा की पत्नी रीना ने बताया कि जुम्मा अक्सर मेरे को कहता था कि ऑपरेशन करा ले। लेकिन मेरे कहने जाने के अनुसार हर बच्चे का जन्म होता रहा। रीना के अनुसार उसे नहीं पता था वही बच्चों को मार रहा है।
बेशक जुम्मा शातिर है, लेकिन पुलिस पूछताछ में सब कुछ सामने आ गया है। अब यह तय है कि जुम्मादीन ने साली के प्यार में ही हत्याएं की है। अब पहले वाले तीन बच्चों की हत्या की पुष्टि कानूनी आधार पर करनी है। इसके लिए जुम्मा को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
अजीत सिंह शेखावत, एएसपी।
जुम्मा की मां।- फोटो : Jind
जुम्मादीन को कोर्ट में पेश करने के बाद दोबारा से रिमांड पर लाती पुलिस।- फोटो : Jind
सफीदों थाना में पूछताछ के लिए बुलाई गई जुम्मादीन की बहन, भाई और साली।- फोटो : Jind