जींद। हांसी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति कचरे के ढेर से कम नहीं है। यहां की समस्याओं के समाधान के लिए 21 दिन पहले एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने दौरा करके समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए थे। बुधवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जब संबंधित जेई से पूछा कि 21 दिन तक क्या काम हुआ तो जेई ने कहा कि कोई काम नहीं हुआ। इस पर डीसी ने कहा कि जब काम ही नहीं किया तो वेतन किस बात का। उन्होंने तुरंत जेई की 21 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए समस्याओं का समाधान करने को कहा और चेतावनी दी कि यदि कोई समस्या मिली तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हांसी रोड स्थित 28 एकड़ में फैला औद्योगिक क्षेत्र किसी कचरे के ढेर से कम नहीं है। 40 साल बाद भी आज तक यह पूरी तरह आबाद नहीं हो पाया। यहां 78 प्लाट औद्योगिक इकाइयाें के लिए हैं, लेकिन इनमें से महज 15 में ही छोटी-मोटी इकाइयां चल रही हैं। यहां पर न तो पीने का पानी है, न सफाई व्यवस्था। सड़कें खस्ताहाल है। जगह-जगह झाड़ किसी कबाड़खाने से कम नहीं लग रहे। पिछले 25 साल में यहां 25 से अधिक औद्योगिक इकाइयां सुविधाओं की कमी के कारण बंद हो चुकी हैं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सड़क, अंकुर स्टील इंडस्ट्री समेत आसपास के क्षेत्र का मुआयना किया और वहां पर फैली गंदगी एवं रास्ते में पाइपों को देखकर एचएसआईडीसी के एसडीओ को तुरंत प्रभाव से उसे ठीक रखवाने के निर्देश दिए। सभी सीवरेज के ढक्कन खुले पाए जाने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उपायुक्त ने इस दौरान एचएसआईडीसी एसोसिएशन द्वारा रखी गई शिकायत पीने के पानी में सीवरेज के पानी की मिलावट पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इसका तुरंत समाधान करे एवं भविष्य में ऐसी शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने सीटीपी की जानकारी ली और कहा कि इस कार्य का दोबारा टेंडर लगाकर जल्द से जल्द चालू करवाया जाए। उद्योगपतियों ने बताया कि यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, फिर भी वह एचएसआईडीसी को रखरखाव का चार्ज दे रहे हैं, उनका यह चार्ज कम या माफ किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि एसोसिएशन एक प्रेजेंटेशन बनाकर दे, यह मामला सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा। इस मौके पर एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ, एसडीएम डॉ. पंकज, एसीयूटी अंकित चौकसे, कार्यकारी अभियंता रविंद्र जाखड़, इस्टेट मैनेजर दिनेश दलाल, एसडीओ अमनदीप, जेई दरियाव सिंह, एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक गोयल, विनोद गर्ग, रोहताश नरवाल, नरेश शर्मा भी मौजूद रहे।
बॉक्स
दीवार का होगा निर्माण, ग्रीन बेल्ट भी बनाई जाएगी
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि कुछ कार्यों के लिए टेंडर वीरवार को खुल जाएंगे। इसके अलावा सड़कों, पीने के पानी की व्यवस्था, सफाई, सीवरेज सभी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियाें को एक महीने का समय दिया गया है। औद्योगिक क्षेत्र के चारों तरफ दीवार बनाई जाएगी। इसके अलावा यहां सफाई करवाकर ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी। एक महीने बाद फिर से अधिकारियों की समीक्षा बैठक होगी। स्थानीय स्तर पर जो समस्या हल हो सकती है, वह एक महीने बाद नहीं रहेगी।
फोटो कैप्शन
10जेएनडी17 : औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण करने के दौरान इधर-उधर पड़े पाइप व कचरे को उठाने के निर्देश देते डीसी मोहम्मद इमरान रजा व अन्य अधिकारी। संवाद
10जेएनडी21 : औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर फैली गंदगी के पास से गुजरते अधिकारी। संवाद