उचाना। नगर पालिका ने अलग-अलग कार्य के लिए 60 लाख रुपये के टेंडर लगाए हैं। नपा लाइन पार उचाना कलां से खेड़ी मंसानिया तक जाने वाली सड़क पर स्वागत द्वार बनाएगी। इसके लिए 19 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है।
वार्ड नंबर 13 के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चहारदीवारी एवं पेवर ब्लॉक को लेकर 21 लाख से अधिक, राजकीय प्राइमरी स्कूल रेलवे फाटक के पास खेल मैदान में ट्रैक के निर्माण के साथ अन्य कार्य पर 21 लाख से अधिक रुपये के टेंडर लगाए गए हैं। इन कामों को लेकर 61 लाख से अधिक की राशि के टेंडर लगाए हैं।
पार्षद पंकज करसिंधु, कपिल जोगी, दीपक ने कहा कि शहर में हो रहा विकास अब दिखाई देने लगा है। नपा में होने वाली मीटिंग में जो-जो प्रस्ताव पारित हुए हैं उन पर काम होने लगा है। स्वागत द्वार पहली बार उचाना में बनाए जाएंगे। स्वागत द्वार से अलग ही शोभ बढ़ती है। अंधेरा होने के बाद इनमें लगी लाइटों से ये जगमग नजर आते हैं। ऐसे ही गलियों का निर्माण भी हो रहा है।
स्वागत द्वार से बढ़ रही है शहर की शोभा
नपा शहर में स्वागत द्वार लगा रही है। अब तक पुलिस थाना के सामने 40 फूटा रोड, उचाना कलां के भौंगरा, खापड़ को जाने वाले रोड, नरवाना बाईपास पर स्वागत द्वार लगाए गए हैं। इन स्वागत द्वारों के नाम शहीदों के नाम से रखे जा रहे हैं। गलियों का निर्माण कार्य भी करवाया जा रहा है। करीब एक साल से विकास के कार्य में रफ्तार आई है।
ट्रैक बनने से होगा फायदा
स्कूल में ट्रैक बनने से यहां पर एथलेटिक्स की तैयारी करने वाले छात्रों व युवाओं को फायदा होगा। स्कूल में ट्रैक बनने से सुबह-शाम खिलाड़ी तैयारी कर सकेंगे। स्कूल में चहारदावारी नहीं होने से स्कूल के पास जो तालाब है उसका पानी भी स्कूल परिसर में भर जाता है। स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक नहीं होने से मैदान कच्चा है। ऐसे में बारिश के समय यहां पर कीचड़ हो जाता है। इन कामों को लेकर नपा ने टेंडर जारी किए हैं।
नपा तीन कामों के लिए टेंडर लगाए हैं। फाटक के पास स्कूल में विभिन्न काम, स्वागत द्वार को लेकर करीब 61 लाख रुपये के आसपास के टेंडर लगाए गए हैं। -विक्रमजीत सिंह, सचिव, नपा उचाना।
19जेएनडी14: उचाना कलां से खेड़ी मंसानिया रोड जहां पर स्वागत द्वार लगेगा। संवाद