शहर में हुए विकास कार्यों में कथित गड़बड़ी की जांच के बाद विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी बुधवार को अपनी रिपोर्ट देगी। कमेटी के पांच विधायकों ने चार अगस्त को निरीक्षण किया था। जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। इस पर कमेटी ने जींद पहुंच कर जांच की थी। कमेटी की मीटिंग से पहले लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन व एसई को मुख्य अभियंता ने चंडीगढ़ तलब किया है।
दरअसल पलवल के विधायक दीपक मंगला की अध्यक्षता वाली सब्जेक्ट कमेटी ने पूरे शहर का निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों में काफी खामियां पाई थी। सबसे बड़ मुद्दा रोहतक रोड व मिनी बाईपास का है। यह सड़क बनने के करीब एक महीना बाद ही बारिश में धंस गई थी। इसके बाद नगरपालिका, जनस्वास्थ्य विभाग व लोकनिर्माण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठे। इस पर सब्जेक्ट कमेटी ने नगरपरिषद के तीन, लोकनिर्माण विभाग के दो व जनस्वास्थ्य विभाग के तीन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनकी रिपोर्ट मांगी है। यह रिपोर्ट जिला स्तर से कमेटी के पास जा चुकी है और बुधवार को होने वाली मीटिंग में तय होगा कि इनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी ने खुद आकर मौका देखा है। अधिकारियों की मनमानी के चलते शहर के विकास के लिए आई राशि बर्बादी का करण बनी है। शहर में कहीं भी सड़क चलने लायक नहीं है। अलग-अलग कमों में बड़ी गड़बडिय़ां हुई हैं। इस पर कमेटी बुधवार को अपनी रिपोर्ट देगी।
-डॉ. कृष्ण मिड्ढा, भाजपा विधायक।