सदर थाना के सब इंस्पेक्टर हरिकिशन को एक मामले को निपटाने की एवज में धर्मगढ़ गांव के पूर्व सरपंच से 50 हजार रुपये मांगने के आरोपों के चलते सस्पेंड कर लाइन हाजिर किया गया है। आरोपी हरिकिशन का पैसे मांगने को ऑडियो वायरल हो रहा है। इस पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जांच के आदेश दिए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने सब इंस्पेक्टर हरिकिशन को सस्पेंड करते हुए लाइन हाजिर कर दिया। इस मामले की जांच एएसपी कुलदीप सिंह को सौंप दी।
डीएसपी सफीदों आशीष ने बताया कि गांव धर्मगढ़ के पूर्व सरपंच शेर सिंह ने बताया कि मेरे गांव के झगड़े का एक मामला सफीदों सदर थाना में था। उस मामले में एक आदमी को फंसाया गया था। इस मामले की जांच तत्कालीन एएसपी नीतीश अग्रवाल व डीएसपी पुष्पा खत्री ने अलग-अलग की थी। जांच के दौरान यह मामला झूठा पाया गया। दोनों अधिकारियों ने इस मामले को खारिज करने के आदेश दिए थे। उसके बाद इस मामले को खारिज करने की फाइल सफीदों सदर थाना में आ गई लेकिन यहां पुलिस ने इस मामले को खारिज करने की बजाए पीड़ित पक्ष को थाने में बुलाया और उसे डराया गया। किसी अन्य मामले में फंसाने की धमकी दी गई। सब इंस्पेक्टर हरिकिशन ने डीएसपी का नाम लेते हुए शेर सिंह से 50 हजार रुपये की मांग की। इसका ऑडियो वायरल हो गया।