स्कूल की इमारत के निर्माण के लिए विधायक से मिलते ग्रामीण। संवाद।
- फोटो : Jind
जुलाना। गांव देवरड़ में स्कूल के भवन के नवनिर्माण को लेकर ग्रामीण सोमवार को विधायक अमरजीत ढांडा से मिले। ग्रामीणों ने स्कूल के नवनिर्माण के लिए विधायक से गुहार लगाई। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार वह शिक्षा विभाग के चक्कर काट चुके हैं लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी स्कूल के भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। इस कारण बच्चों को प्राइमरी स्कूल का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। आलम यह है कि स्कूल में कमरे पूरे नहीं होने के कारण एक कमरें में दो-दो कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं।
देवरड़ गांव निवासी एवं भगत सिंह युवा समिति के अध्यक्ष मोहित फौगाट, अनूज, नीरज, नरेंद्र, मोहन, यकीन कुमार ने बताया कि स्कूल के भवन के पुराने होने के कारण विभाग द्वारा कंडम घोषित की जा चुकी है। विभाग द्वारा बोली करवाकर भवन को तो बेच दिया लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद अभी तक विभाग ने स्कूल की कोई सुध नहीं ली। भवन नहीं होने से लगातार छात्रों की संख्या घट रही है। जो छात्र स्कूल जाते हैं, उन्हें भी या तो बरामदे में बैठकर पढने पर मजबूर होना पड़ता है या फिर दूसरे प्राइमरी स्कूल में बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्कूल में सुविधा नहीं होने से अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेज रहे हैं। पहले स्कूल में 600 से अधिक विद्यार्थी थे, जिनकी संख्या अब घटकर 200 रह गई है। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल के भवन का जल्द से जल्द नवनिर्माण करवाया जाए ताकि बच्चों को हो रही परेशानी से निजात मिल सके।
जल्द ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मिलकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करवाया जाएगा। अभी तक भवन का निर्माण क्यों नहीं हुआ, इसके बारे में पता किया जाएगा।
अमरजीत ढांडा, विधायक