जींद। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार को जिले में डेंगू के छह नए मामले सामने आए। इससे पहले आठ केस थे। अब डेंगू के कुल 14 केस होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान तेज गति से चलाएगी।
वीरवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सफीदों के वार्ड नंबर दो, बागडू कलां, होशियार पुर गांवों में एक-एक केस मिला है। इसके अलावा दो केस और मिले, लेकिन यह दूसरे जिलों से संबंधित हैं। इनकी जांच जींद में हुई। डॉ. तीर्थ राम बागड़ी ने बताया कि लोगों को डेंगू से बचाने के लिए जागरुकता अभियान के तहत लोगों को घरों व आसपास सफाई रखने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि लोगों को इससे बचाया जा सके। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम कई दिनों से अभियान के तहत गांवों में जाकर लोगों को जागरूक भी कर रही है। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास जमा पानी की निकासी करवाई जाए, जमा पानी में डेंगू को मारने के लिए दवा का स्प्रे करवाया जाएगा।