यूजीसी की नेट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में महेंद्रगढ़ निवासी कुलदीप का नाम भी रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है। कुलदीप भी परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र हल करवाने का काम करता था। पकड़े गए नौ आरोपियों में से छह आरोपी जिनका एक दिन का रिमांड था, उनको मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन अन्य मुख्य आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। परीक्षार्थियों से बरामद रिकॉर्ड को यूजीसी को जांच के लिए भेजा गया।
रविवार को पकड़े गए नौ आरोपियों में से छह आरोपियों जींद के बोहतवाला निवासी अर्जुन, खटकड़ निवासी अभिषेक, बहबलपुर निवासी विक्रम, धड़ौली निवासी दीपक, ईगराह निवासी मनजीत व बहबलपुर निवासी अमरजीत को एक दिन के रिमांड के बाद मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि महेंद्रगढ़ के पथरवा निवासी रिंकू, भिवानी जिले के बाम्ला निवासी पुनीत और खटकड़ निवासी राहुल चार दिन के रिमांड पर हैं। दादरी जिले के नौरगांबाद निवासी विकास प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य आरोपी है। विकास की तलाश के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं।
महेंद्रगढ़ के सतनाली में भी चलाया जा रहा है सेंटर
प्रश्नपत्र लीक करवाने के मुख्य आरोपी विकास व उसके साले पुनीत द्वारा भिवानी के अलावा महेंद्रगढ़ के सतनाली में भी सेंटर चलाया जा रहा है। जहां से वे इन परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों को तैयार करते थे।
छह को भेजा जेल, बाकी से पूछताछ जारी
मामले में अदालत से नौ लोगों को रिमांड पर लिया था, जिसमें से छह को एक दिन तो तीन मुख्य आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। इसमें एक दिन का रिमांड पूरा होने पर छह लोगों को जेल भेज दिया जबकि मुख्य आरोपी विकास की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं। -जितेंद्र कुमार खटकड़ डीएसपी हेडक्वार्टर व एसआईटी इंचार्ज