नागरिक अस्पताल में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Jind
सड़क के किनारे बैठकर पशु चरा रहे व्यक्ति की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। खटकड़ गांव के नजदीक हुए हादसे के बाद भाग रह कार सवारों की गाड़ी पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उचाना थाना पुलिस ने कार चालक नारनौंद निवासी मोहित के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान खटकड़ निवासी बलवान (53) के रूप में हुई है।
उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में खटकड़ निवासी जयप्रकाश ने बताया कि 29 अगस्त को उसके चाचा गांव के फ्लाईओवर के नजदीक खाली खेत में पशुओं को चरा रहे थे। वह सड़क के किनारे बैठे हुए थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और उसके चाचा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद कार चालक कार लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दूरी पर गाड़ी के आगे तूड़े से लदी ट्रॉली आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें कार सवार तीनों लोगों को मामूली चोट आई।
जयप्रकाश ने बताया कि एंबुलेंस बुलाकर सभी लोगों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसके चाचा को मृत घोषित कर दिया। जब उन्होंने कार चालक का नाम पूछा तो उसने नारनौंद निवासी मोहित के बताया। घटना की जानकारी मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोहित के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।