पुतला फूंककर रोष प्रकट करते अनुसूचित जाति के लोग।
- फोटो : Jind
जींद। भिवानी के सूई गांव में बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने गए अनुसूचित जाति के लोगों को भिवानी पुलिस के रोकने पर रोष स्वरूप उन्होंने सरकार का पुतला फूंका। दिनेश खापड़ ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। सरकार में होते हुए भी उनके क्षेत्र के अनुसूचित जाति के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लोग पिछले एक महीने से न्याय की मांग को लेकर लघु सचिवालय के बाहर धरना दे रहे हैं। लेकिन किसी ने अभी तक कोई सुध नहीं ली। सरकार के प्रभाव के चलते ही पुलिस आरोपियों का पक्ष ले रही है। इसलिए आज तक भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गांव छात्तर, खापड़ व खरकगादियां के पीड़ित परिवार राष्ट्रपति से मिलने जा रहे थे। सीआईए पुलिस ने गांव बास के पुलिस नाके पर अनुसूचित जाति के लोगों को हिरासत में ले लिया और फिर बास थाने में आधे घंटे तक बैठाए रखा। इसके बाद भिवानी पुलिस उन्हें गाड़ी में बैठाकर कई घंटों तक अलग-अलग जगह पर घुमाते रही। यह सब प्रदेश सरकार के इशारे पर किया गया, ताकि वे राष्ट्रपति से मिलकर प्रदेश में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ हो रहे बहिष्कार के मामलों से अवगत नहीं करा सकें। इसलिए वीरवार को रोष स्वरूप अनुसूचित जाति के लोगों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।