सफीदों। सफीदों अनाज मंडी की एक महिला की अंबाला के पास गाड़ी पलटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सफीदों मंडी निवासी अमित गुप्ता का परिवार व एक रिश्तेदार के परिवार को साथ लेकर गाड़ी में एक धार्मिक स्थल के दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी अंबाला के नजदीक पहुंची तो उनकी गाड़ी पलट गई। गाड़ी ने कई पलटे खाए और दूर खेतों में एक पेड़ से टकराकर रुकी।
गाड़ी में बैठे सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना में घायलों को राहगीरों की सहायता से एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर उपचार के दौरान महिला रजनी गुप्ता (38) की मौत हो गई। वहीं गाड़ी में सवार अन्य लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। सायं को महिला का शव सफीदों पहुंचा और नगर के जींद रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।