जींद। समान काम का समान वेतन देने की मांग को लेकर वीरवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेताया कि अगर 7 अगस्त तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो वह बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार व नगर परिषद प्रशासन की होगी।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारी जिला प्रधान विजेंद्र कांगड़ा के नेतृत्व में एकत्रित हुए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद जींद में सफाई कर्मचारी कई वर्षों से समान काम समान वेतन की मांग करते आ रहे हैं लेकिन उनकी मांग अभी तक पूरी नहीं की गई है। रोहतक, सिरसा, हिसार, फतेहाबाद आदि नगर परिषदों में इसका लाभ दिया जा चुका है। कर्मचारी नेता अनिल टांक ने कहा कि समान काम, समान वेतन का जो एरियर एक नवंबर 2017 से कार्यरत है और जो एरियर बनता है, वह दिया जाए। इसके अलावा वर्दी व जूतों का लाभ भी वेतन में ही जोड़ कर दिया जाए। यदि सफाई कर्मचारियों की मांग नगर परिषद के द्वारा पूरी नहीं की जाती है तो सफाई कर्मचारी सात अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर सोहनलाल, हरबंसलाल, आजाद सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।