नागरिक अस्पताल के शव गृह में सुखदीप के परिजन।
- फोटो : Jind
जींद। घर से दवा लेने के लिए जींद जाने की बात कहकर निकले किनाना निवासी दो युवक सुखदीप उर्फ मीनू और सुमित की भंभेवा गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुमित अपने पिता की इकलौती संतान था।
18 वर्षीय सुमित और 25 वर्षीय सुखदीप बाइक पर बुधवार को घर से गोहाना गए थे। जब वह गोहाना से लौट रहे थे तो उनकी बाइक जींद की तरफ से जा रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई। इसमें सुखदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित की गोहाना नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दिए बयान में प्रताप ने बताया कि उसका 25 वर्षीय बेटा सुखदीप अपने दोस्त सुमित के साथ किसी काम के लिए भंभेवा गया था। जब वह दोनों बाइक पर सवार होकर गांव की तरफ आ रहे थे तो भंभेवा नहर पुल के नजदीक जींद की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें सुखदीप की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान राहगीरों की सहायता से सुमित को उपचार के लिए गोहाना ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान सुमित की मौत हो गई। सुमित के शव का गोहाना तो सुखदीप के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया।
सुमित के माता-पिता की हो चुकी है मौत
ग्रामीणों ने बताया कि सुमित के पिता की मौत लगभग 17 वर्ष पहले बीमारी के कारण हो गई थी। पिता की मौत के कुछ समय बाद ही उसकी मां की मौत भी बीमारी के कारण हुई थी। सुमित का पालन पोषण उसके दादा व दादी ने किया था। अब सुमित की मौत के बाद घर का आंगन वीरान हो गया। हालांकि सुमित का पिता भी उसके दादा की इकलौती ही संतान था।
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था सुमित
ग्रामीणों के अनुसार सुमित को पहलवानी का शौक था। वह प्रतिदिन गांव के अखाड़े में पहलवानी करता था। ग्रामीणों ने बताया कि सुमित पिछले एक माह से अखाड़े में नहीं आकर सेना की भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह आर्मी में जाकर देश सेवा करना चाहता था। हालांकि वह टैक्सी चालक था, कोरोना के कारण अब वह गांव में ही खेती बाड़ी का काम करता था। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी छतरपाल ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर लगने के कारण बाइक सवार किनाना निवासी सुमित व सुखदीप उर्फ मोनू की मौत हो गई। इसमें रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।