फोटो 07जेएनडी17-राजेश वशिष्ठ को सम्मानित करते हुए उपनिदेशक जितेंद्र गौड़। स्रोत कर्मचारी
जींद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत गतिविधियों को प्रत्येक विद्यालय व शिक्षक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उपनिदेशक जितेंद्र गौड़ ने प्रदान किया।
उपनिदेशक जितेंद्र गौड़ ने कहा कि निपुण लक्ष्य को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसकी कक्षा के अनुरूप बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं में सक्षम बनाना है। इसके लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षकों का क्षमता निर्माण और बच्चों के लिए सीखने का अनुकूल वातावरण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राजेश वशिष्ठ ने निपुण गतिविधियों को हर विद्यालय और हर शिक्षक तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए। शिक्षक प्रशिक्षणों के सफल आयोजन, प्रशिक्षण में मिली जानकारी को कक्षा-कक्ष तक पहुंचाने, कक्षाओं को प्रिंट रिच बनाने और पाठ्य सहायक सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका सराहनीय रही। बच्चों के लिए शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाकर उनमें सीखने की रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।