दबिश देने जींद आई पंजाब पुलिस की गाड़ी
- फोटो : संवाद
अमेरिका में बैठकर कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई का गैंग चला रहे ऐंचरा कलां गांव निवासी रणदीप मलिक के घर बुधवार सुबह पंजाब पुलिस ने दबिश दी। डीएसपी अविनाश की अगुवाई में पंजाब से आई पुलिस स्थानीय सरफाबाद चौकी पुलिस को साथ लेकर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी रणदीप का पिता जगबीर सिंह घर से भाग गया।
पंजाब के फाजिल्का के डीएसपी अविनाश ने बताया कि ऐंचरा कलां का रणदीप मलिक 15 साल से अमेरिका में है। लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई के गुजरात जेल में बंद होने के बाद से वह अमेरिका से ही गैंग संभाल रहा है। बताया कि रणदीप मलिक पर पंजाब में फोन कर रंगदारी मांगने, हत्या कराने के अलावा अन्य मामले दर्ज हैं। बुधवार को पुलिस ने रणदीप के पिता जगबीर को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम ने रणदीप के चाचा, अन्य परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी जुटाई।
जमीन बेचकर गया था अमेरिका
रणदीप मलिक के पिता जगबीर के पास गांव में लगभग दो एकड़ जमीन थी। 15 साल पहले रणदीप को अमेरिका भेजने के लिए जगबीर ने जमीन बेच दी थी। अमेरिका जाने के कुछ साल बाद ही रणदीप लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हिस्सा बन गया।