विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा को ज्ञापन सौंपते नंबरदार।
- फोटो : Jind
जींद। हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन ने मांगों को लेकर भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा को ज्ञापन सौंपा। प्रधान जिले सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग ने 23 नवंबर को पत्र जारी किया है, जिसमें नए नंबरदारों और सरबरा नंबरदारों की नियुक्ति पर रोक लगाई गई है। उक्त पत्र के चलते प्रदेश भर के नंबरदारों में रोष है।
उन्होंने कहा कि नंबरदारी लंबे समय से चली आ रही है। नंबरदार प्रशासन व जनता के बीच एक कड़ी का काम करते हैं। नंबरदार सामाजिक कार्यों में भी सहयोग देते हैं। उन्होंने कहा कि नंबरदार अपने प्रभाव व अनुभव से समाज को एक नई दिशा देने के लिए प्रयासरत रहते हैं। जब भी प्रदेश सरकार को नंबरदारों की सहयोग की जरूरत पड़ी, तब-तब उन्होंने अपना पूरा सहयोग दिया है। सरकार द्वारा अगर नए नंबरदारों की नियुक्ति पर रोक लगाई तो निकट भविष्य में उसकी भरपाई कर पाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि नंबरदार समाज की धरोहर होते हैं। उनकी सेवाएं व मार्गदर्शन समाज के लिए संजीवनी की तरह काम करते हैं। ऐेसे में सरकार के नंबरदारों की नियुक्ति पर रोक लगाए जाने के आदेश को वापस लिया जाए। वहीं विधायक ने नंबरदारों का ज्ञापन सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।