जींद। पुरानी अनाज मंडी में व्यापारी भाइयों से दस लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस चार दिन बाद भी खाली हाथ है। हालांकि इस मामले में व्यापारियों ने प्रशासन को तीन दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से शहर के व्यापारियों में रोष है।
व्यापारी महाबीर कंप्यूटर ने बताया कि पुलिस द्वारा रंगदारी वसूलने के मामले में नामजद किए गए आरोपियों की चार दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से उनके समाज में रोष है। उन्होंने कहा कि वह रविवार को इस मामले में बैठक कर आगामी रणनीति बनाएंगे, ताकि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो सके। उन्होंने कहा कि नामजद बदमाशों को पुलिस द्वारा चार दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं करना पुलिस की कार्यप्रणाली को दिखाता है। हालांकि पुलिस की तीन टीमें पिछले चार दिनों से ही आरोपियों कि गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर छापे मार रही हैं।
जींद सीआईए इंचार्ज अनूप ने बताया कि व्यापारी भाइयों से पिस्तौल के बल पर दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की रंगदारी लेने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके लिए तीन टीमें लगी हुई हैं। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है।