जींद। एसीएस राजीव अरोड़ा ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की जांच रिपोर्ट उनके मोबाइल पर मैसेज या ईमेल के माध्यम से दी जाए। एसीएस ने नागरिक अस्पताल में फ्लोराइड लैब का भी उद्घाटन दिया। उन्होंने रजिस्ट्रेशन खिड़की के साथ ही आयुष्मान भारत की खिड़की शुरू करने के निर्देश दिए।
राजीव अरोड़ा ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लैब के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी देखी तो उन्होंने कारण पूछा। चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक सैंपल लिए जाते हैं और उसके बाद एक बजे तक रिपोर्ट तैयार करके मरीजों को देते हैं।
एसीएस ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए कि मरीज की रिपोर्ट उसके मोबाइल नंबर पर मैसेज या ई-मेल के माध्यम से दी जाए ताकि मरीजों की लाइन नहीं लगे। इसके बाद एसीएस राजीव अरोड़ा जैसे ही नए भवन में पहुंचे तो सबसे पहले आयुष्मान कार्ड बनाने व उसका लाभ लेने वाले मरीजों की खिड़की के बारे में पूछा लेकिन वहां पर पता चला कि ओपीडी रजिस्ट्रेशन के साथ इस प्रकार की कोई भी खिड़की नहीं है। उन्होंने रजिस्ट्रेशन खिड़की के साथ ही आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की खिड़की भी खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने लैब में ही फ्लोराइड लैब का उद्घाटन किया। यहां लैब तकनीशियन ओमपाल ढांडा से उन्होंने फ्लोराइड लैब की पूरी जानकारी ली। यहां डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रत्येक गांव के पानी को टेस्ट करके वहां की फ्लोराइड की मात्रा की जांच की जाएगी। एसीएस ने पूछा कि अगर किसी गांव में फ्लोराइड की मात्रा ज्यादा है तो उसका विभाग क्या करेगा। इस पर चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि इसकी रिपोर्ट बना कर जनस्वास्थ्य विभाग को दी जाएगी। इसके बाद उस गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था जनस्वास्थ्य विभाग करेगा।