नरवाना। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से मंगलवार को तहसील कार्यालय में दबलैन व सच्चाखेड़ा गांव में खराब बीज के कारण खराब हुई धान की फसल को लेकर रोष जताया गया। तहसीलदार को एसडीओ और डीडीओ कृषि विभाग नरवाना के नाम मांग पत्र सौंपा।
बलदेव ढाकल ने अध्यक्षता की। मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि बीते एक माह पूर्व दबलैन, सच्चा खेड़ा और दनौदा गांवों के किसानों ने धान की रोपाई के लिए प्राइवेट कंपनी के बीज खरीदे। किसानों ने समय पर प्यौद तैयार कर खेतों में रोपाई की लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी फसल में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई।
परेशान किसान जब कृषि विभाग के पास पहुंचे तो विभाग ने बीज की खराब गुणवत्ता को इसका कारण बताया और हाथ खड़े कर दिए। किसानों ने बताया कि उन्होंने बायर कंपनी के बीज इस्तेमाल किए थे लेकिन फसल में बढ़ोतरी नहीं हुई। किसानों को मजबूरी में खड़ी फसल को नष्ट करना पड़ा। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसानों के इस नुकसान की भरपाई की जाए और बीज बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसान के साथ बीज के नाम पर धोखा न हो। अगर कंपनियां इस तरह से नकली बीज किसानों को बेचने का काम करेंगी तो किसान बर्बाद हो जाएगा।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो धरना और उग्र किया जाएगा। इस अवसर पर बलबीर सिंह ब्लॉक प्रधान, मास्टर चांद, मास्टर बलजीत सिंह मांडी, रामधारी ढाकल, सुरजन, मांगेराम, सतबीर खरल, शीशपाल गुलाडी, हवा सिंह, फतेह सिंह, बलवंत सिंह, सतबीर फौजी, साधुराम, दिनेश, जसवंत, इंद्र सिंह मौजूद रहे।
बाक्स
किसान सभा ने रखीं यह मांगें
मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि प्राइवेट कंपनियों के बीजों की तुरंत जांच की जाए। नकली और घटिया बीज बेचने वाली कंपनियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। जिन किसानों की फसल खराब हुई है उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। बीज की उपलब्धता सरकारी एजेंसियों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसानों के साथ ऐसा धोखा न हो।