जींद। अलीपुरा गांव में स्कूल संचालक की हत्या और हत्या प्रयास के मामले के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी सचिन उर्फ जाजे निवासी सुनारिया जिला रोहतक ने अपने साथियों हर्ष निवासी डिघल, संजीत उर्फ सन्नी निवासी सुनारिया, लोकेश उर्फ गोगी निवासी शीतल नगर कॉलोनी रोहतक के साथ मिलकर 14 जून 2021 को अलीपुरा गांव के रहने वाले सुरेश की गोली मारकर हत्या करने की साजिश रची थी। मृतक सुरेश अपने बेटे की हत्या के मामले में पीजीआई थाना, रोहतक में गवाह था। उसकी रोहतक अदालत में गवाही रोकने के लिए आरोपियों ने हत्या की थी। इसमें सीआईए स्टाफ जींद ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष निवासी डीघल को 5 जुलाई व 22 जुलाई को इनामी बदमाश संजीत उर्फ सन्नी नवीन उर्फ भोलू निवासी रिठाल सहित कुल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब हत्या के षड्यंत्र में शामिल आरोपी सचिन उर्फ जाजे को सीआईए जींद ने गिरफ्तार कर लिया है। वह रोहतक में हत्या के प्रयास के मामले में भी वांछित है। उसे दिल्ली पुलिस द्वारा शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस सेे सीआईए ने आरोपी को लेकर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।