मिनी बाईपास का निरीक्षण करते तीनों विभागों के अधिकारी। अमर उजाला
- फोटो : Jind
15 और 19 जुलाई को हुई बारिश की वजह से रोहतक रोड और मिनी बाईपास पूरी तरह से धंस गया था। यहां नगर परिषद द्वारा अमरूत योजना के तहत पाइपलाइन डाली गई है। यह सड़क पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की हैं। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग की सीवर लाइन भी यहां से गुजर रही है। ऐसे में तीनों विभागों के बीच इसको लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते सड़क धंसने का कारण ढूंढने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग, बीएंडआर व नगर परिषद के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचे। इसको लेकर पिछले सप्ताह ही जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने भी बैठक की थी।
शुक्रवार दोपहर बाद पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन नवनीत नैन, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतीश नैन व नगर परिषद के एक्सईएन सुमित कुमार ने दौरा किया। इस दौरान रोहतक रोड पर जहां-जहां सड़क धंसी है, वहां पाइपों की स्थिति जांची। हालांकि बीएंडआर की रिपोर्ट में ही यह तय होगा कि सड़क जनस्वास्थ्य विभाग के पाइप में रिसाव से धंसी है या नगर परिषद द्वारा डाली गई अमरूत योजना की पाइपलाइन से निरीक्षण किया है।
तीनों विभागों ने साथ मिलकर निरीक्षण किया है। जो आकलन सामने आया है, उसकी रिपोर्ट बनाई जाएगी। सोमवार को रिपोर्ट तैयार होगी। इसके बाद ही सही तथ्य सामने आएंगे।
नवनीत नैन, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर
रोहतक रोड पर नहीं मिल रही धंसी सड़क से लोगों को निजात
जींद विकास संगठन के प्रधान राजकुमार गोयल ने कहा कि गोहाना रोड से रोहतक रोड की तरफ जाते हुए अंडरब्रिज से पहले सड़क लगातार धंस रही है। कई सौ मीटर में इसका दायरा बढ़ चुका है। कई जगह सड़क धंस रही है तो कई स्थानों पर सड़क फट रही है। बदहाल हो चुकी इस सड़क की वजह से एक तरफ का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। पिछले कई दिनों से लगातार सड़क धंसने के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन जिला प्रशासन व संबंधित विभाग चुप्पी साधे बैठे हैं।