खरकगादिया के पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दलित अधिकार मंच हरियाणा व अन्य संगठनों ने लघु सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जींद के अलावा कैथल, कुरुक्षेत्र व हिसार जिले से ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया। धरने की अध्यक्षता संयुक्त रूप से कृष्ण मोरखी, संदीप जाजवान व संजय ने की।
सीटू के राज्य महासचिव जयभगवान, उपाध्यक्ष रमेश कुमार, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के राज्य महासचिव विनोद कुमार, उप महासचिव बसाऊ राम, जिला प्रधान कृष्ण, दलित अधिकार मंच हरियाणा के राज्य संयोजक सोहनदास, जिला संयोजक संदीप जाजवान, सफाई कर्मचारी नेता सीताराम, संजय ने कहा कि खरकगादिया गांव के सफाई कर्मचारी अजमेर के साथ गांव के दबंगों द्वारा मारपीट की गई । बाद में उसके बेटे अक्षय पर डीजल छिड़कर जान से मारने की कोशिश की गई। इसे लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
संगठन नेताओं ने कहा कि गांव खरकगादिया में काम करने वाले ग्रामीण सफाई कर्मचारी अजमेर अपने परिवार सहित 15 जुलाई से लघु सचिवालय परिसर के बाहर धरने पर बैठा है। परिवार को आरोपियों को गिरफ्तार करने के कई बार आश्वासन मिल चुके हैं। लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके कारण पीड़ित परिवार के साथ अनुसूचित समाज तथा ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में गुस्सा है।
डीएसपी धर्मबीर ने प्रदर्शनकारियों के साथ बात की और बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो हाईकोर्ट से जमानत लेकर आए हैं। बाकी के दोषियों को पांच दिन यानी चार अगस्त तक गिरफ्तार कर लेंगे। संगठन नेताओं ने कहा कि अगर जल्द ही सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जींद जिले के सभी ब्लॉकों में जोरदार प्रदर्शन होंगे। इसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं होती तो नौ अगस्त को प्रदेशभर में सभी जिलों पर प्रदर्शन होंगे। इस अवसर पर कर्मबीर, सुंदर, अजय, नवाजा राम, वीरभान, सतपाल, संदीप, महेंद्र, कृष्ण, मुकेश, यशपाल, मदन, कपूर, सुल्तान, गुलाब, सुरेश करसोला, पवन कुमार, दीनदयाल, बारूराम भी मौजूद रहे।