सफीदों। जिला प्रशासन ने बुधवार को महात्मा गांधी रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई और उनके सामान हटाए गए। अतिक्रमण मिलने पर 16 बैंकों और निजी अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नगर पालिका की टीम ने सड़क पर लगे फ्लैक्स बोर्ड और होर्डिंग्स भी हटवाए।
अतिक्रमण अभियान की अगुवाई आईएएस दीपक कारवा कर रहे थे जबकि एसडीएम डॉ. आनंद कुमार भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान बैंकों की शाखा तथा निजी अस्पताल संचालकों द्वारा भी अतिक्रमण किया मिला। इन्होंने अतिक्रमण कर जेनरेटर रखा था। सभी नोटिस थमाते हुए तुरंत यहां से अपना सामान हटाने के निर्देश दिये गए। दीपक कारवा ने कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण मिला तो सामान को जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस भी तैनात की गई थी। महात्मा गांधी मार्ग पर बने अस्पतालों व बैंकों के बाहर बहुत ज्यादा अतिक्रमण था। इन संस्थानों के बाहर वाहनों की भारी भीड़ थी तथा बड़े-बड़े जेनरेटर सेट बाहर लगा रखे थे। दीपक कारवा ने बैंकों के मैनेजरों व अस्पताल संचालकों को बुलाकर उन्हें नोटिस देते हुए कहा कि वह अपने-अपने जरनेटरों व अन्य सामानों को यहां से तत्काल हटा लें। पालिका की टीम ने इस मार्ग पर लगे हुए फ्लैक्स व होर्डिंग्स को भी हटाया। इस मौके पर नगरपालिका सचिव नितिन वत्स, कानूनगो महासिंह व पालिका एसआई प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।