फोटो 19जेएनडी24-बस अड्डे पर खड़ी रोडवेज बसें, जो कि अभ्यर्थियों के लिए चलाई जाएगी। संवाद
जींद। रोडवेज नीट अभ्यर्थियों को 20 और 21 जून को परीक्षा केंद्र तक ले जाने के लिए स्पेशल बस चलाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को परिचालक को एडमिट कार्ड दिखाना होगा। अभ्यर्थियों को परिचालक जीरो बैलेंस की टिकट जारी करेंगे। मुख्यालय ने दो दिन के दौरान कितने अभ्यर्थियों को जीरो बैलेंस की टिकट जारी की, इसका रिकार्ड भी रखना होगा।
जींद में होने वाली परीक्षा को लेकर शहर में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने स्पेशल रोड मैप तैयार किया है। इसमें से एक बस स्पेशल चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के लिए चलाई जाएगी। वहीं दूसरी बस अन्य परीक्षा केंद्रों को कवर करेगी। रविवार को हाेने वाली परीक्षा में तीन हजार से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे।
राजकीय पीजी कॉलेज में 600, राजकीय प्रियदर्शिनी महिला कॉलेज में 594, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय विश्वविद्यालय में बने दो ब्लॉक में 576 व 528, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 408 व डिफेंस कालोनी स्थित राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 312 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाने के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत रोडवेज मुख्यालय की ओर से परीक्षार्थियों के लिए दो दिन स्पेशल बस चलाए जाने का फैसला लिया गया है।
वर्जन
रोडवेज मुख्यालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस चलाने का निर्णय लिया है। यह बस अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक लेकर जाएगी। अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड दिखाना होगा। इसके बाद जीरो बैलेंस की टिकट जारी की जाएगी।
-राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद