जुलाना। वार्ड नंबर चार निवासी मृतक पप्पी के परिजनों को सांत्वना देने के लिए वीरवार को सांसद सुनीता दुग्गल पहुंची। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दुग्गल ने कहा कि पप्पी की मौत न्यायिक हिरासत में हुई है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बता दें कि जुलाना निवासी पप्पू की पीजीआई रोहतक में मौत हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पप्पी को एनडीपीएस के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक कार्रवाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने एक सप्ताह तक शव रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन व परिजनों की आपसी सहमति के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया था।