युवाओं का साक्षात्कार लेते विभिन्न कंपनियों के अधिकारी। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। लघु सचिवालय में स्थित जिला रोजगार कार्यालय में वीरवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस रोजगार मेले के पहले दिन 100 युवाओं ने पंजीकरण कराया जिसमें दो कंपनियों ने 49 युवाओं को चयनित कर उन्हें मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे। शुक्रवार को भी यहां रोजगार मेला लगेगा। इसमें भी अलग-अलग कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी डॉ. अंजू नरवाल ने बताया कि वीरवार को मिडलेंड माइक्रोफिन माइक्रोफाइनेंस कंपनी ने 21 युवाओं का चयन किया। इन युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा नव भारत फर्टिलाइजर कंपनी ने भी 28 युवाओं का चयन करके उनको मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए। शुक्रवार को भी अन्य कंपनियों के अधिकारी आकर युवाओं का चयन करेंगे। डॉ. अंजू नरवाल ने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं के लिए काफी कारगर साबित हो रहे हैं। इनमें युवाओं को कहीं अन्य शहर में साक्षात्कार के लिए नहीं जाना पड़ता बल्कि कंपनियां खुद उनके शहर में आकर उनको रोजगार प्रदान करती हैं।