जींद। कौशिक नगर में प्लाईवुड के गोदाम से सामान चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक रिक्शा चालक है। पुलिस आरोपी को अदालत के आदेश पर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
शहर के अर्बनइस्टेट निवासी प्रशांत कुमार ने 20 फरवरी को थाना शहर जींद में दी शिकायत में बताया था कि रानी तालाब के पास दिल्ली प्लाईवुड के नाम से उसकी दुकान है। गोदाम कौशिक नगर जींद में बनाया है। जिसमें प्लाई, फेविकोल व एल्युमीनियम की सीढ़ियां आदि थीं। जब उसने गोदाम में 20 फरवरी को सामान की जांच की तो फेविकोल की 20 किलो की 120 बाल्टी, पांच किलो की 160 बाल्टी, 15 एल्युमिनियम की सीढ़िया व कुछ प्लाई बोर्ड गायब थे। पुलिस ने इस मामले में दुकान के मुनीम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस ने दुकान के मुनीम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इससे पूछताछ में हैबतपुर निवासी अशोक का नाम सामने आया था। पुलिस ने मामले में मुनीम मनीष से 15 हजार रुपये की नकदी, फेविकोल की 20 किलो की बाल्टी, प्लाई व एक एल्युमीनियम की सीढ़ी बरामद की थी। शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अशोक को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।