अंबाला पुलिस की तरफ से किसानों को रोकने के लिए पूरी तैयारियां हैं। तीन ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। शंभू सीमा पर दोनों तरफ के बैरिकेडिंग पर पोकलेन मशीनें तैनात हैं। वहीं, पुलिस फोर्स के पास अत्याधुनिक आंसू गैस के गोले दागने वाले हथियार हैं, जिनकी मारक क्षमता काफी पीछे तक है। किसानों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है।
पंजाब के किसानों का दिल्ली कूच के समर्थन में भिवानी में संयुक्त किसान मोर्चा सहित विभिन्न ट्रेड यूनियन संगठनों ने तोशाम बाईपास स्थित बीजेपी कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की वहीं किसानों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। किसान संगठन प्रतिनिधियों ने बीजेपी कार्यालय के समीप ही अपना रोष जताया और किसानों पर अत्याचार बंद किए जाने और उनकी मांग पूरी किए जाने की मांग रखी।
वहीं इस दौरान पुलिस ने किसान संगठनों को बीजेपी कार्यालय की तरफ आगे नहीं बढ़ने दिया। वहीं किसान संगठनों ने भी चेतावनी दी कि अगर किसानों के प्रति सरकार का इसी तरह रवैया रहा तो वे आंदोलन में कूद पड़ेंगे और सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर देंगे।
सोनीपत में कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने किसान आंदोलन-2 को लेकर सुरक्षा और बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने सिंघु क्षेत्र में दो लेयर सुरक्षा और बढ़ाई है। पत्थर के बैरिकेड पर चार अलग- अलग कंटीले तार लगाए गए हैं। बैरिकेड को कंक्रीट की तीन फीट की दीवार बनाकर पक्का कर दिया गया है। किसानों आंदोलन-2 के चलते पुलिस फोर्स और अद्र्धसैनिक बलों ने टेंट लगा दिए हैं।