रविवार को हाईवे पर बांगर किसान चेरिटेबल ट्रस्ट उचाना द्वारा बनाए जा रहे किसान सदन के निर्माण को लेकर भूमि पूजन का कार्यक्रम हुआ। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक प्रेमलता ने हिस्सा लिया। लगभग 5800 वर्ग गज में बनने वाले किसान सदन के निर्माण पर छह करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। लोगों के सहयोग से यह राशि जुटाई जाएगी। भूमि पूजन से पहले हवन किया गया।
भूमि पूजन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि लोगों के सहयोग से यहां पर बांगर किसान चेरिटेबल ट्रस्ट उचाना द्वारा किसान सदन का निर्माण करवाया जा रहा है। यह छह करोड़ रुपये की राशि चंदे के रूप में लोगों से ली जाएगी। यहां पर कोई भी ऐसा सदन नहीं था, जहां लोग अपने परिवार में शादी समारोह समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित कर सकें। इस सदन में युवाओं, किसानों के लिए ऐसी व्यवस्था की जाएगी जो उनके काम आएगी। किसान सदन के अंदर सामुदायिक केंद्र एवं बैंक्वेट हॉल, ई-लाईब्रेरी, कृषि व्यवसाय केंद्र, कोचिंग सेंटर, कांफ्रेस हॉल, बहुउद्देश्यीय खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा। यहां पर परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं के लिए कोई आधुनिक ई-लाईब्रेरी नहीं है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां की प्रतिभाओं को सुविधाओं का अभाव रहने के चलते उनको आगे आने के अवसर नहीं मिल पाते है। बांगर किसान चेरिटेबल ट्रस्ट उचाना एवं बांगर शिक्षा समिति दोनों मिलकर राजीव गांधी महाविद्यालय के पास बांगर शिक्षा समिति की जो जमीन है, वहां पर स्टेडियम का निर्माण होगा। इस स्टेडियम में सभी सुविधाएं खिलाडिय़ों को मिलेंगी।
इस मौके पर सज्जन सिंह, बलबीर श्योकंद, हरेंद्र सिंह, प्रेम पहलवान, राममेहर दनौदा, संजीव डूमरखां, अजमेर श्योकंद, रामकुमार घोघडिय़ा, दिलबाग श्योकंद, अनिल अलेवा भी मौजूद रहे।