बुधवार सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक झमाझम बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान जुलाना में 110 तो अलेवा में महज 13 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते शहर व कस्बों में जलभराव की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ा। वहीं, दालमवाला गांव में बारिश की वजह से एक मकान गिर गया।
जलभराव से निपटने के लिए नगरायुक्त संजय बिश्नोई व नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतरे। भिवानी रोड, रोहतक रोड, राम कॉलोनी, नरवाना रोड, पटियाला चौक सहित कई जगह पानी लोगों के घरों में ही पहुंच गया। घर के सामान को पानी से बचाने के लिए लोग इंतजाम करते रहे।नरवाना रोड पर चार फुट तक पानी भर गया। नरवाना रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा बंद कर दिया गया। जिसके चलते जलभराव हो गया। बुधवार को हुई बारिश के बाद एक्यूआई सबसे कम 26 तक पहुंच गया जबकि बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली। जबकि कृष्णा कॉलोनी में बरसात के कारण घरों के बाहर लगे मीटरों में स्पार्किंग के कारण आगजनी की घटना टल गई। स्पार्किंग होते देख कॉलोनी के लोगों ने बिजली निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फार ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
ऐसा नहीं है कि एसटीपी बंद किया गया हो। मैं खुद वहां गया था। एसटीपी चल रहा है। बारिश अधिक होने के कारण जलभराव हुआ है। पानी निकाला जा रहा है। -अशोक कुमार, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग, जींद।
बुधवार को हुई बारिश से किसानों की बाजरा, धान व कपास की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द गिरदावरी करवाकर खराब हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए।
बारिश से पूरा शहर पानी से जलमग्न रहा। पुरानी मंडी रोड, डाकघर रोड, राजेंद्रा कॉलोनी, मस्जिद वाली गली, कपास मंडी वाली सड़क, अतिरिक्त मंडी, बैंक कांप्लेक्स रोड, डाकघर रोड, जेजेपी कार्यालय के पास वाली कालोनी सहित विभिन्न गलियों में पानी भरा रहा। एसडीएम डॉ. राजेश खोथ ने पानी की निकासी के लिए अधिकारियों के निर्देश दिए।
दालमवाला गांव में बारिश की वजह से एक मकान गिर गया, हालांकि जान माल की हानि होने से बच गया। इस दौरान मकान मालिक घर से बाहर पशुओं के बाड़े में काम कर रहे थे। मकान मालिक बिजेंद्र ने बताया कि बरसात ज्यादा होने के कारण उनके मकान से पहले तो रिसाव शुरू हुआ उसके बाद जब उसने रिसाव को बंद करके पशुओं की तरफ चारा डालने के लिए गया तो उसका मकान गिर गया। मकान के अंदर रखा सारा सामान टूट गया। हालांकि परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई।
जिला में बारिश की स्थिति
खंड बारिश (एमएम)
जींद 99
नरवाना 49
सफीदों 25
जुलाना 110
उचाना 22
पिल्लूखेड़ा 47
अलेवा 13