दुकानदारों के चालान करती नगर परिषद की टीम। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। शहर में दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर परिषद भी लगातार अभियान चलाकर दुकानदारों के चालान काट रही है। शुक्रवार को भी आठ दुकानदारों को 500-500 रुपये जुर्माना किया गया। एक जुलाई को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा था। एक से आठ जुलाई को दोहपर तक नगर परिषद की टीमों ने 20 चालान करते हुए 11 हजार रुपये जुर्माना राशि वसूली है। शुक्रवार को नगर परिषद की टीम ने मुख्य स्वच्छता निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में बाजार में दुकानों पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पालीथिन गोहाना रोड व मेन बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर शुक्रवार को आठ दुकानदारों के 500-500 रुपये के चालान किए गए।
मुख्य स्वच्छता निरीक्षक की टीम ने छह और स्वच्छता निरीक्षक नीलम की टीम ने दो चालान किए। मेन बाजार में निरीक्षण के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के चालान करने के दौरान व्यापारियों ने आपत्ति भी जताई और टीम के सदस्यों के साथ बहस की। एक व्यापारी नेता ने इस मामले में नगर परिषद कार्यकारी सुशील कुमार को फोन कर गलत तरीके से कार्रवाई करने के आरोप लगाए। नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर एक जुलाई से प्रतिबंध लग चुका है। ऐसे में जो भी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।