पत्रकारों से बातचीत करते नवीन जयहिंद। संवाद।
- फोटो : Jind
सफीदों। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि एसवाईएल नहर के पानी पर हरियाणा का भी हक है। हरियाणा के लोग उस पानी को लेकर रहेंगे। नवीन जयहिंद देर शाम यहां आचार्य पुरुषोत्तम शर्मा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अब हरियाणा के बटेऊ बन चुके हैं। हरियाणा के किसान की बेटी डॉ. गुरप्रीत की भगवंत मान के साथ शादी हुई है। अब हरियाणा के किसान पंजाब के सीएम से अपने हक का एसवाईएल का पानी भी लेंगे। अगर नहीं दिया तो हरियाणा वाले बटेऊ को बांध भी लिया करते हैं। एसवाईएल के पानी को लेकर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ चुका है और उसे निर्णय को केंद्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा लागू करवाया जाना है।
जयहिंद ने कहा कि सरकार केवल कागजी उपलब्धियां गिनाती है लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ अर ही है। प्रदेश में बढ़ते अपराध का प्रमुख कारण युवाओं का बेरोजगार होना है। आज के दिन प्रदेश में करीब 25 लाख युवा बेरोजगार हैं और 5 लाख पद विभिन्न महकमों में रिक्त पड़े हैं। अग्निपथ योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री, एमएलए, एमपी व बड़े-बड़े अधिकारी पहले अपने बच्चों को अग्निवीर बनाएं। सरकार चार साल में देश के गरीबों, मजदूरों व किसानों के बच्चों को अग्निवीर बनाने की ठाने हुए है। ठेके पर तो केवल गुलाम रखे जाते हैं, जवान नहीं। केंद्र सरकार की योजना के कोई बहुत अच्छे परिणाम सामने नहीं आने वाले है। पहरावर जमीन पर नवीन जयहिंद ने कहा कि पहरावर की जमीन पहले भी ब्राह्मण समाज की थी और आगे भी रहेगी। सरकार ने समाज के ऊपर कोई एहसान नहीं किया है।