15जेएनडी25: ग्रामीणों की समस्याएं सुनते डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा। स्रोत प्रशासन
जींद। जींद के भाजपा विधायक एवं डिप्टी स्पीकर डाॅ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क तंत्र का मजबूत होना अति आवश्यक है। गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर अब जींद में भी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम होगा। डिप्टी स्पीकर डाॅ. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को तीन दिवसीय धन्यवादी दौरे के पहले दिन खोखरी गांव में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदान के आदेश दिए।
डाॅ. मिड्ढा ने कहा कि भाजपा सरकार ने जिले से नौ राष्ट्रीय राजमार्ग निकाल कर सड़क तंत्र को मजबूत करने का काम किया है। विकास के मामले में जींद शहर के पिछड़ेपन को हटाकर अग्रणी जिलों में शामिल किया गया है। सरकार ने जींद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करवाया है। इसमें ओपीडी जल्द ही शुरू हो जाएगी। इसके अलावा जींद में पैरा मेडिकल काॅलेज का भी निर्माण कार्य करवाने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही यह परियोजना भी पूरी करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने चौधरी रणवीर सिंह विश्वविद्यालय को मात्र रीजनल सेंटर का दर्जा देकर औपचारिकता पूरी की थी लेकिन भाजपा सरकार ने इसे विश्वविद्यालय बनाया। इस अवसर पर डीएमसी गुलजार मलिक, नायब तहसीलदार बलराम, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, टेकराम कंडेला, सुनील वशिष्ठ, विनोद सैनी मौजूद रहे।
शहर की तर्ज पर हो रहे गांवों के विकास कार्य
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि खोखरी गांव में विकास कार्यों को लेकर एक करोड़ 12 लाख रुपये ग्राम पंचायत को भेज दिए गए हैं। इसी प्रकार बोहतवाला गांव में 37 लाख से अधिक, बरसाना गांव में साढ़े 57 लाख, खुगा गांव में 34 लाख, रायचंदवाला गांव में 98 लाख, दालमवाला में 15 लाख तथा श्री रागखेड़ा गांव में साढे़ 30 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि इन गांवों में लगभग 19 करोड़ रुपये की क्लस्टर परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
15जेएनडी25: ग्रामीणों की समस्याएं सुनते डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा। स्रोत प्रशासन