टायर फटने के बाद पुराने बस स्टैंड के पास खड़ा हाईवा। संवाद
- फोटो : Jind
जींद-रोहतक मार्ग पर वीरवार को ओवरलोड हाइवा का टायर फट गया। धमाके के साथ फटे टायर से निकली हवा के प्रेशर से पास से गुजर रहा बाइक सवार गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा वहां पर खड़ी तीन कारों के शीशे भी टूट गए। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।
हाईवा आसपास के गांवों के खेतों से मिट्टी लेकर निर्माणाधीन जींद-रोहतक मार्ग पर आते हैं। हाइवा मिट्टी लेकर जुलाना के बाजार के बीच से निकलते हैं। यहां काफी भीड़ रहती है। वीरवार को जब एक ओवरलोड हाइवा बाजार से गुजर रहा था तो पुराना बस स्टैंड के पास उसका टायर फट गया, जिससे जोर का धमाका हुआ। टायर से निकली हवा के प्रेशर से पास से गुजर रहा बाइक सवार गांव करसोला निवासी संदीप बाइक से नीचे गिर गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। इसके अलावा पास खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे टूट गए। टायर फटने के बाद हाइवा चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। जुलाना थाना के प्रभारी समरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने पहले भी अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के चालान काटे थे। अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस फिर से इन ओवरलोड वाहनों के चालान करेगी।
जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन घायल। संवाद- फोटो : Jind