जींद। स्वास्थ्य विभाग ने अपने एनीमिया मुक्त अभियान के तहत मंगलवार को भी कई सरकारी स्कूलों में जाकर दो हजार बच्चों का एचबी जांचा। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 800 गर्भवतियों के खून की जांच की। खासकर गर्भवती महिलाओं में रक्त की कमी पाई जा रही है। उनको खान-पान के प्रति जागरूक किया तथा आयरन, फोलिक एसिड की गोलियां बांटी गई।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल ने कहा कि भंभेवा, मोहनगढ़, शाहपुर, ढांडा खेड़ी, जाजवान, समेत दर्जनभर गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को अपना एनीमिया मुक्त अभियान चलाया। यहां सरकारी स्कूलों में बच्चों के रक्त की जांच हुई। काफी बच्चों में भी रक्त कम मिला। वहीं 800 से अधिक गर्भवती महिलाओं में भी रक्त की जांच हुई। लगभग 200 महिलाओं में रक्त की कमी पाई गई। अधिकतर महिलाओं का एचबी सात से 11 ग्राम के बीच मिला। इन महिलाओं को खान-पान के बारे में जानकारी दी तथा लगातार आयरन, फोलिक एसिड की गोलियां खाने के लिए कहा गया।