हरियाणा के जींद के नरवाना के रहने वाले साहिल ढिल्लों ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी को पास कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। साहिल को 729वीं रैंक मिली है। फिलहाल उनका चयन पहले ही हरियाणा पुलिस में डीएसपी के पद पर हो चुका है। वह इस समय मधुबन प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इससे पहले भी उनका चयन एक्साइज अधिकारी के रूप में हुआ था, लेकिन 2023 में डीएसपी बनने पर पुलिस अधिकारी बनना ज्यादा पसंद किया। अब उनका यूपीएससी में चयन होने से परिवार में खुशी का माहौल है।
साहिल ढिल्लों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नरवाना के एसडी स्कूल से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद 29 वर्षीय साहिल ढिल्लों ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। 2022 में साहिल ढिल्लों का चयन एक्साइज विभाग में हुआ था। उन्होंने एक्साइज विभाग को ज्वाइन नहीं किया।
2023 में साहिल ढिल्लों का चयन हरियाणा पुलिस में डीएसपी के पद पर हुआ। साहिल ने एक्साइज विभाग के बजाय पुलिस विभाग में जाना ज्यादा बेहतर समझा और मधुबन स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में अपनी ट्रेनिंग शुरू कर दी। ट्रेनिंग पर जाने से पहले उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा दी थी। अब इसमें उनकी 729वीं रैंक आई है। उनके पिता धर्मबीर शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं और माता गृहिणी हैं।
धर्मबीर ने बताया कि साहिल बचपन से ही आईपीएस या आईएएस बनना चाहता था, इसलिए उसने एक्साइज विभाग की नौकरी छोड़कर पुलिस में जाना ज्यादा बेहतर समझा। अब उसका चयन यूपीएससी में हो गया है। पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। लोग भी उनको बधाई देने के लिए आ रहे हैं।