जींद। शहर के डॉ. आदिश जैन से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेज कहा कि आठ दिन में एक करोड़ रुपये दो, नहीं तो 10 दिन में गोली मार देंगे। शहर थाना पुलिस ने सचिन पंडित उर्फ नैंसी पंडित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बाल धर्मार्थ अस्पताल में फार्मासिस्ट के तौर पर कार्यरत सचिन पंडित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डॉ. आदिश जैन के पास काम करते हैं। 21 अगस्त की सुबह 10:54 बजे से 11:02 बजे के बीच उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरा संदेश आया।
संदेश भेजने वाले ने अपना नाम सचिन पंडित उर्फ नैंसी पंडित बताया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। कहा कि डॉ. आकाश जैन आठ दिन के अंदर एक करोड़ रुपये की रकम दे, नहीं तो 10 दिन के अंदर उसे जींद में ही गोली मार दी जाएगी।
धमकी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना दी। धमकी भरे संदेश में डॉक्टर का नाम आकाश जैन लिखा गया है जबकि वह डॉ. आदिश जैन के पास काम करते हैं। आदिश जैन जींद के आर्य समाज मंदिर रोड निवासी चिकित्सक सुरेश जैन के बेटे हैं। सचिन ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि उनका मोबाइल नंबर धमकी देने वाले व्यक्ति तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी भरे संदेश की जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और संदेश से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी को नामजद कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-कुलदीप सिंह, एसपी, जींद